-प्रेम ने इटली की बेटी को बना दिया भारत की बहु-बेटी
-पहले सास इंदिरा जी, फिर पति राजीव जी की हत्या का दर्द सोनिया जी ने झेला
गुरुग्राम। कांग्रेस नेता अशोक बुवानीवाला ने कहा कि दुनिया ने अभी तक सोनिया गांधी जी को किसी और की नजर से परखा था, मगर उनकी किताब आने से अब हर किसी का नजरिया बदल गया है। सोनिया गांधी की पुस्तक ए जर्नी ऑफ लव पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने यह बात कही।
अशोक बुवानीवाला ने कहा कि कुछ लोग और परिवार ऐसे परिवार होते हैं, जो देश के इतिहास का हिस्सा बन जाते हंै। उनके जीवन में खुशियों से ज्यादा दुखों ने जगह ली हो। सोनिया गांधी जी के जीवन में भी ऐसा ही हुआ। सात समुंद्र पार अपने परिवार को छोड़ भारत में ब्याही आई सोनिया गांधी जी ने पहले तो अपनी सास इंदिरा गांधी जी को खोया और कुछ वर्षों बाद उस पति का भी साथ उनसे छूट गया, जिनके साथ उन्होंने जीवन की नई शुरुआत की थी। अशोक बुवानीवाला ने कहा कि भारत उनके लिए सिर्फ रहने का ठिकाना नहीं रहा, बल्कि उनकी जिंदगी की यादों, खुशियों और गमों का घर बन गया। अपनी किताब में हर पहलू को सोनिया जी ने हर घटना, हर संस्मरण को बारीकी से पिरोया है। उन्होंने कहा कि दुनिया ने सोनिया गांधी जी को अब तक दूसरों के नजरिये से ही देखा, जाना। पहली बार लोगों को उन्हें अपने नजरिये से देखा है। वह अपनी जिंदगी को किसी और की बनाई तस्वीर से नहीं, बल्कि अपनी यादों से समझाती हैं।
अशोक बुवानीवाला ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू जी की आत्मकथा छपने के करीब नौ दशक बाद सोनिया की यह आत्मकथात्मक किताब सामने आई है। नेहरू जी ने आजादी की लड़ाई, जेल, देश और अपने विचारों के बीच अपनी जिंदगी को समझने की कोशिश की थी। सोनिया ने प्यार, परिवार, दुख और राजनीति के बीच अपने लंबे सफर को शब्दों में पिरोया है। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक पल है, जब इस परिवार की एक महिला ने अपनी आवाज में अपनी कहानी सुनाई है। बुवानीवाला ने कहा कि सोनिया जी की किताब को पढ़ते हुए मालूम चलता है कि उनकी जिंदगी में भी नेहरूजी की तरह नरमी और सार्वजनिक जीवन की सख्ती साथ-साथ चलती हैं। वे राजनीति में नहीं आना चाहती थीं, पर हालात उन्हें कांग्रेस जैसी बड़ी राजनीतिक संस्था के नेतृत्व तक ले गए। एक तरफ राजनीति से दूर रहने की चाहत है, दूसरी तरफ उससे जुड़े फैसलों और संघर्षों को मानने की मजबूरी। पायलट के तौर पर काम करना राजीव जी के लिए सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि अपनी पसंद की जिंदगी जीने का तरीका था। देश ने राजीव को प्रधानमंत्री के तौर पर जाना, लेकिन घर के अंदर वह एक पति, पिता और अपने शौक से मोहब्बत करने वाले इंसान थे। उनकी यह तस्वीर इस किताब में बहुत ही इंसानी रूप में सामने आती है।
अशोक बुवानीवाला ने कहा कि भारत आने के बाद सोनिया के लिए भाषा, खाना, मौसम और सामाजिक व्यवहार नया था। शुरुआती दिनों में तेजी बच्चन का प्यार उन्हें एक नए देश में अपनापन देता है। सोनिया की यादों में इंदिरा सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं, एक मां, दादी और घर संभालने वाली महिला भी हैं। कांग्रेस का इतिहास भी इस परिवार के निजी जीवन के साथ चलता है। उन्होंने कहा कि सोनिया जी की किताब का सबसे भावुक पहलू उनका निजी गम है। पहले बच्चे को पैदा होते ही खो देना एक ऐसा दर्द था, जिसे कोई राजनीतिक पहचान कम नहीं कर सकती। फिर राहुल का जन्म हुआ और परिवार में नई खुशियां आईं। इंदिरा और सोनिया के रिश्तों में भी कभी नजदीकी तो कभी मतभेद दिखाई देते हैं। इससे पता चलता है कि बड़े राजनीतिक परिवारों में भी रिश्ते आम परिवारों की तरह ही प्यार, असहमति और भावनाओं से बनते हैं।
उन्होंने कहा कि 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या ने देश और परिवार, दोनों को गहरे सदमे में डाल दिया। राजीव गांधी को अचानक प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। 21 मई, 1991 को श्रीपेरंबदूर में राजीव जी की हत्या ने सोनिया और उनके बच्चों की जिंदगी बदल दी। देश ने एक पूर्व प्रधानमंत्री और बड़े नेता को खोया, लेकिन परिवार ने अपना सबसे प्यारा शख्स खो दिया। बुवानीवाला ने कहा कि सोनिया के बयान में उस रात प्रियंका का मां को संभालना, राहुल का विदेश से लौटना और अंतिम संस्कार के दृश्य किसी राजनीतिक घटना का ब्योरा भर नहीं हैं। वे उस गम की यादें हैं, जिसे शब्दों में पूरी तरह बताया नहीं जा सकता। 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने ऐसी पार्टी की जिम्मेदारी संभाली, जो अपना राजनीतिक असर खो रही थी। प्रधानमंत्री पद ठुकराने और मनमोहन सिंह को इस जिम्मेदारी के लिए आगे करने का फैसला भारतीय राजनीति की बड़ी घटनाओं में शामिल रहा। उन्होंने कहा कि सोनिया की किताब को पढ़ते हुए यह समझ आता है कि किसी व्यक्ति की जिंदगी सिर्फ उसके पदों और फैसलों से नहीं बनती। उसके अंदर कुछ ऐसे हिस्से भी होते हैं, जिन्हें दुनिया कभी नहीं देख पाती।


