*हरियाणा के खिलाड़ियों के जोश, फुर्ती और संकल्प का प्रतीक बनेगा खेल महाकुम्भ का शुभंकर’*
*30 खेलों में 18 हजार खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, प्रदेश के 11 शहरों में होंगी प्रतियोगिताएं*
*हरियाणा के खिलाड़ियों का जोश और उत्साह ही प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*
चंडीगढ़, । हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को ‘खेल महाकुम्भ हरियाणा-2026’ के शुभंकर का लोकार्पण किया। राज्य पशु काला हिरण की थीम पर तैयार किया गया यह शुभंकर हरियाणा की पहचान, सांस्कृतिक विरासत और प्रदेश के खिलाड़ियों की फुर्ती, सतर्कता, संतुलन तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
इस अवसर पर हॉकी के पूर्व कप्तान सरदार सिंह, एशियाई खेलों की पदक विजेता परवीन हुड्डा, नरेंद्र बॉक्सर को सम्मानित भी किया गया। इसके अलावा इजिप्ट में जाने वाले हॉकी जूनियर टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दी।
उपस्थित खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों का जोश और उत्साह ही प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। हमें गर्व है कि जब भी पदकों की तालिका बनती है, उसमें हरियाणा का नाम सबसे ऊंचा होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल महाकुम्भ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और प्रदेश का नाम रोशन करने का एक बड़ा मंच प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काला हिरण अपने अद्भुत वेग, फुर्ती, सतर्कता, संतुलन और सौम्यता के लिए जाना जाता है। यही गुण हरियाणा के खिलाड़ियों में भी दिखाई देते हैं। खिलाड़ी जब मैदान में उतरते हैं तो उनमें काला हिरण जैसी फुर्ती, एकाग्रता और लक्ष्य को भेदने की क्षमता नजर आती है। उन्होंने कहा कि शुभंकर के माध्यम से प्रदेश के युवाओं और आमजन को पर्यावरण संरक्षण, वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता और प्राकृतिक धरोहर को सहेजने का संदेश भी दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 30 खेलों में 18 हजार खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन दो चरणों में प्रदेश के 11 विभिन्न शहरों में किया जाएगा। उन्होंने खेल विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को सफल आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।


