गुड़गांव, दीपावली के त्योहार पर अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने कमर कस ली है। अवैध पटाखों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू करते हुए 53 टीमों को मैदान में उतारा है। ये टीमें शहर के बाजारों, पटाखों की दुकानों, गोदामों और अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखेंगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत थाना स्तर के अलावा सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) स्तर पर कुल 53 विशेष टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही अपराध शाखाओं की टीमें भी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सक्रिय होकर संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग कर रही हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से पटाखों की बिक्री, भंडारण और वितरण करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना है।
बाजारों और गोदामों पर पुलिस की पैनी नजर:
गठित टीमें बाजारों, पटाखों की दुकानों, गोदामों और अन्य संभावित स्थानों पर नियमित रूप से जांच कर रही हैं। पुलिस विशेष रूप से इस बात की पड़ताल कर रही है कि कहीं बिना अनुमति पटाखों का भंडारण या बिक्री तो नहीं की जा रही। वहीं, पुलिस उपायुक्त अपराध के अधीन कार्यरत अपराध शाखाओं की विशेष टीमें भी अपने क्षेत्रों में गहन चेकिंग अभियान चला रही हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
8 नवंबर तक जारी रहेगा अभियान:
गुरुग्राम पुलिस का यह विशेष अभियान 8 नवंबर तक चलाया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण से जुड़ी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आमजन से अपील:
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध पटाखों की खरीद-बिक्री और भंडारण से दूर रहें। यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास अवैध पटाखों के कारोबार की जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी जाएगी और कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

