गुड़गांव : अब सडक़, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थानों पर थूकना और च्यूइंग गम फेंकना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। गुरुग्राम में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम (एमसीजी) ने सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और इस्तेमाल की गई च्यूइंग गम फेंकने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए प्रत्येक उल्लंघन पर 100 रुपये जुर्माना लगाने का प्रावधान किया है। यानी अब पान, गुटखा और पान मसाला खाकर सडक़ पर थूकने या सार्वजनिक स्थानों को गंदा करने वालों को चालान भुगतना पड़ेगा।
नगर निगम की ओर से जारी सार्वजनिक नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि शहर की सडक़ों, फुटपाथों, पार्कों, बाजारों, बस स्टॉप और सरकारी परिसरों सहित निगम क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अधिकृत अधिकारियों और प्रवर्तन कर्मचारियों को उल्लंघन करने वालों के चालान काटने तथा कार्रवाई का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं। निगम का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ नागरिकों को साफ-सफाई के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
पान-गुटखा थूकने वालों पर भी शिकंजा:
निगम के नोटिस के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर थूकना, लार, पान, गुटखा और पान मसाला थूकना स्वच्छता नियमों का उल्लंघन है। इससे न केवल सार्वजनिक स्थान गंदे होते हैं, बल्कि संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है। ऐसे मामलों में हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 और लागू स्वच्छता उपनियमों के तहत चालान किया जाएगा।
च्यूइंग गम फेंकने पर भी कटेगा चालान:
नगर निगम ने इस्तेमाल की गई च्यूइंग गम को सडक़ों, फुटपाथों और सार्वजनिक परिसरों में फेंकने या चिपकाने पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लोगों को इस्तेमाल की गई च्यूइंग गम कूड़ेदान में डालने की सलाह दी गई है। इसका उल्लंघन करने पर भी प्रति मामले 100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
निगम ने अपने सार्वजनिक नोटिस में हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा 309(1)(सी), 310, 381 और 393 सहित लागू उपनियमों का हवाला दिया है। साथ ही अधिकृत अधिकारियों को नियमानुसार चालान जारी करने और जरूरत पडऩे पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगमायुक्त की शहरवासियों से अपील:
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, पान-गुटखा फैलाने और च्यूइंग गम इधर-उधर फेंकने से बचें। उन्होंने स्वच्छ, स्वस्थ और कचरा मुक्त गुरुग्राम बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है। निगम का साफ संदेश है कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है।

