*बेंगलुरु में बोले प्रधानमंत्री- कारगिल युद्ध में पति की शहादत के बाद भी नहीं डिगा राष्ट्रसेवा का संकल्प, हरियाणा की बेटी के संघर्ष और समर्पण का किया उल्लेख*
गुरुग्राम, ।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण की विशेष रूप से सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. सुधा यादव और उनके परिवार के जीवन से देश के प्रति समर्पण तथा राष्ट्रसेवा का वास्तविक अर्थ सीखा जा सकता है। उन्होंने कारगिल युद्ध में उनके पति की शहादत के बाद भी सुधा यादव द्वारा भारत माता की सेवा के संकल्प को निरंतर निभाने के जज्बे का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संभव है कि कर्नाटक के लोगों को अभी डॉ. सुधा यादव के जीवन और उनके संघर्ष की पूरी जानकारी न हो, लेकिन उनका जीवन राष्ट्र के प्रति निष्ठा, त्याग और सेवा भावना का उदाहरण है। कारगिल युद्ध के दौरान उनके पति शहीद हो गए थे। इस कठिन व्यक्तिगत परिस्थिति के बावजूद उन्होंने स्वयं को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रखा और सार्वजनिक जीवन में अपनी जिम्मेदारियों का निरंतर निर्वहन किया। प्रधानमंत्री ने उनके इस संकल्प को विशेष रूप से रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद में कई वर्षों तक रहते हुए डॉ. सुधा यादव ने देश से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपना मार्गदर्शन और योगदान दिया। आज वे कर्नाटक की धरती पर राज्यपाल के रूप में वहां के लोगों की खुशी, शांति और समृद्धि के लिए कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
बता दें कि हरियाणा के रेवाड़ी जिले के मोतला कलां गांव में जन्मीं डॉ. सुधा यादव ने आईआईटी रुड़की से उच्च शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान उनके पति एवं सीमा सुरक्षा बल में डिप्टी कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव की शहादत के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कदम रखा। वर्ष 1999 में महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित होकर उन्होंने संसद में हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद भी उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और सामाजिक दायित्वों के माध्यम से देशसेवा में योगदान जारी रखा। हरियाणा की धरती से निकलकर कर्नाटक के राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद तक पहुंची डॉ. सुधा यादव की यह यात्रा प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है।


