किसी कलाकार के लिए अपने पसंदीदा एक्टर से मिलना किसी सपने के सच होने जैसा होता है. वह चाहता है कि पहली मुलाकात यादगार हो, कुछ ऐसी बातचीत हो जिसे जिंदगीभर याद रखा जा सके लेकिन बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी के साथ इसका ठीक उलटा हुआ. वह जिस दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के अभिनय के मुरीद थे, उनसे पहली मुलाकात में ही ऐसी हरकत कर बैठे कि उनके दोस्तों को डर सताने लगा कि कहीं नसीर साहब उन्हें पीट न दें. खुद मनोज बाजपेयी ने माना कि उस दिन नसीर साहब उन्हें आसानी से थप्पड़ मार सकते थे.
मनोज बाजपेयी ने एक इंटरव्यू के दौरान नसीरुद्दीन शाह के प्रति अपनी दीवानगी और दोनों की पहली मुलाकात से जुड़ा एक मजेदार वाकया सुनाया यह किस्सा साल 1994 के आसपास का है, जब शेखर कपूर की फिल्म 'बैंडिट क्वीन' की शूटिंग पूरी हुई थी. फिल्म की रैप-अप पार्टी दिल्ली में रखी गई थी. उस समय नसीरुद्दीन शाह भी दिल्ली में मौजूद थे. फिल्म के निर्देशक शेखर कपूर ने उन्हें पार्टी में बुलाया और कहा कि वह उस लड़के से भी मिलें, जिसने फिल्म में उनका किरदार निभाया है.
दरअसल, फिल्म में मान सिंह का किरदार पहले नसीरुद्दीन शाह को ऑफर हुआ था, लेकिन उनके मना करने के बाद यह भूमिका मनोज बाजपेयी को मिली थी.
मनोज ने इंटरव्यू में बताया कि जब नसीरुद्दीन शाह पार्टी में पहुंचे, तब तक वहां मौजूद लोग मुफ्त की शराब का आनंद ले चुके थे. वह खुद भी जरूरत से ज्यादा शराब पी चुके थे. उस समय वह थोड़े बागी मिजाज के थे. नसीर साहब को देखते ही उनके मन में एक सवाल अटक गया और फिर उन्होंने वही सवाल बार-बार पूछना शुरू कर दिया.
मनोज बाजपेयी ने बताया कि उन दिनों नसीरुद्दीन शाह अंग्रेजी भाषा के नाटकों में काम किया करते थे. मनोज को यह बात समझ नहीं आती थी कि इतना बेहतरीन अभिनेता अंग्रेजी थिएटर क्यों करता है. बस फिर क्या था, वह नसीर साहब के पीछे-पीछे घूमने लगे और बार-बार उनसे एक ही सवाल पूछते रहे- 'आप अंग्रेजी थिएटर क्यों करते हैं?'
मनोज ने बताया कि वह जहां भी जाते, उनके पीछे पहुंच जाते और यही सवाल दोहराते. नसीरुद्दीन शाह को उनका यह व्यवहार बिल्कुल पसंद नहीं आया. वह उनसे बचने की कोशिश करने लगे. मनोज के मुताबिक, नसीर साहब का गुस्सा काफी तेज था और उस दिन वह भी उनसे बेहद नाराज हो गए थे.
मनोज ने कहा कि उनके दोस्त लगातार उन्हें नसीरुद्दीन शाह से दूर रखने की कोशिश कर रहे थे. उन्हें डर था कि अगर मनोज ने सवाल पूछना बंद नहीं किया तो नसीर साहब अपना आपा खो सकते हैं और उन्हें पीट भी सकते हैं. मनोज ने अपने उस अनुभव को याद करते हुए कहा कि नसीर साहब उस दिन उन्हें आसानी से मार सकते थे. वह तो उनसे बचते हुए कह रहे थे कि उन्हें इस शख्स से बात ही नहीं करनी है.
पहली मुलाकात भले ही खराब रही हो, लेकिन यह किस्सा नसीरुद्दीन शाह को लंबे समय तक याद रहा. मनोज ने बताया कि इसके बाद जब उनकी मुलाकात फिल्म 'द्रोहकाल' के सेट पर नसीर साहब से हुई तो उन्होंने उन्हें तुरंत पहचान लिया. नसीर साहब ने उन्हें देखते ही कहा, 'ओह, बरखुरदार, आइए-आइए.'
मनोज के मुताबिक, उस पहली मुलाकात की वजह से नसीर साहब उनका चेहरा कभी नहीं भूले थे. हालांकि, 'द्रोहकाल' के सेट पर हुई इस दूसरी मुलाकात के बाद दोनों एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने लगे और उनके बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ.
मनोज बाजपेयी ने इस बातचीत में यह भी बताया कि वह हमेशा से नसीरुद्दीन शाह और दिवंगत अभिनेता ओम पुरी के काम के बड़े प्रशंसक रहे हैं. वह इन दोनों कलाकारों की फिल्में कई-कई बार देखते थे. उनका कहना था कि किसी सीन को समझने, कलाकार के काम करने के तरीके और किरदार को पर्दे पर उतारने की बारीकियां सीखने के लिए वह उनकी फिल्में कम से कम चार बार देखते थे.


