-मुख्यमंत्री अब अधिकारियों को धरातल पर बदलाव की बात कर रहे हैं
-ना सडक़ों से धूल हट रही, ना स्ट्रीट लाइटें जल रही, ना सडक़ों के गड्ढे भर रहे
-बैठकों में लिए जाने वाले फैसलों को धरातल पर लागू भी कराएं
-नगर निगम के कई क्षेत्रों में आज भी कचरा उठाने नहीं जाती निगम की गाडिय़ां
गुडग़ांव। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने गुडग़ांव में मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों के साथ बैठक में धरातल पर बदलाव की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी यह बताएं कि आखिर बदलाव कब तक दिखेंगें। पिछले 12 साल से अधिक बीजेपी सत्ता में है, मगर यहां बदलाव नजर नहीं आया। ना तो सडक़ों के गड्ढे भर रहे हैं, ना सडक़ों से धूल हट रही है और ना ही स्ट्रीट लाइटें जल रही हैं।
मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि केवल कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट नहीं, उनके वास्तविक परिणाम दिखाई देने चाहिए। पंकज डावर ने उन्होंने ओल्ड रेलवे रोड के डिवाइडर का जिक्र करते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार की ताजा निशानी है। मुख्यमंत्री इस पर अधिकारियों को जवाब-तलब, सस्पेंड क्यों नहीं कर रहे। इस डिवाइडर पर पहले बेतरतीब टाइलें लगाई गई और पोल खोले जाने पर हटा दी गई। डावर ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर कुछ क्षेत्रों में ही पानी का छिडक़ाव करके अधिकारी, कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी कर रहे हैं। शहर के बाहरी क्षेत्रों का बुरा हाल है। सेक्टर-9 रोड, बसई रोड, पटौदी रोड, खांडसा रोड, एमजी रोड, ओल्ड दिल्ली रोड पर जाकर देखें कितनी बदहाली है। कितनी धूल वहां पर उड़ती है। दिखावे के लिए ही पानी की छिडक़ाव कुछ क्षेत्रों में करके जनता और सरकार की आंखों में धूल झोंकने का काम हो रहा है। पंकज डावर ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वे गुडग़ांव में एक दिन का विशेष दौरा करें। विपक्ष को भी साथ लेकर चलें तो उन्हें नजर आएगा कि जनता कितनी परेशान है। कितनी परेशानियां झेल रही हैं। अधिकारी उन्हें अच्छी-अच्छी बातें बताते हैं, मगर जनता से पूछें तो हकीकत पता चलेगी।
गंदगी को लेकर पंकज डावर ने कहा कि बेरी वाला बाग के पास रोजाना कचरे, कूड़े के कारण बदबू से आसपास के क्षेत्रों में बुरा हाल हो जाता है। वहां पर आने वाले बड़े डंपर अक्सर जाम का कारण बनते हैं। कोई व्यवस्था वहां पर नहीं है। शहर से बाहर की बात तो बाद में करें मगर पहले शहर के अंदर की व्यवस्था को तो सरकार सुधार ले। पंकज डावर ने कहा कि आज भी नगर निगम की ओर से शहर के हर वार्ड, हर जगह से कचरा नहीं लिया जा रहा। अशोक विहार फेज-3 में कई स्थानों पर नगर निगम की टीमें पहुंचती ही नहीं। वहां के लोगों की परेशानी नहीं देखी जा रही।


