विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी और गणित (एसटीईएम) के क्षेत्र में उत्तराखंड की बेटियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार नीतिगत पहल करेगी। इसके लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की और वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय संयुक्त रूप से श्वेत पत्र तैयार करेंगे। इसमें महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों का आकलन कर शिक्षा, शोध, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने के सुझाव दिए जाएंगे।
गुरुवार को उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘वीमेन इन एसटीईएम’ विषयक कार्यशाला में राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में बालिकाओं की रुचि विकसित करने की शुरुआत विद्यालय स्तर से होनी चाहिए। उच्च शिक्षा में छात्राओं को शोध, तकनीकी प्रशिक्षण और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जाने जरूरी हैं। महिलाओं को समान अवसर देना सामाजिक जिम्मेदारी के साथ ही देश की वैज्ञानिक और आर्थिक उन्नति के लिए भी महत्वपूर्ण है।
तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि महिलाओं की प्रगति में उनकी योग्यता की कमी नहीं, बल्कि सामाजिक सोच और अवसरों तक सीमित पहुंच बड़ी बाधा है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी सुविधाएं और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत ने कहा कि महिलाओं और युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहित करना होगा। तकनीक और नवाचार के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान विकसित कर नए उद्यमों की संभावनाएं बढ़ाई जा सकती हैं।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर ने कहा कि शिक्षण संस्थानों, उद्योगों, शोध संस्थानों और सरकार के बीच बेहतर तालमेल से महिलाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत ‘नशामुक्त भारत ऐप हैकाथन’ की शुरुआत भी की। इसके माध्यम से युवाओं की तकनीकी प्रतिभा का इस्तेमाल नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और डिजिटल समाधान तैयार करने में किया जाएगा।


