मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तरांचल प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने स्मारिका के प्रकाशन पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मारिकाएं किसी संस्था की गतिविधियों, उपलब्धियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं। ‘गुलदस्ता’ के जरिए पत्रकारिता जगत से जुड़े विभिन्न पहलुओं के साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को एक स्थान पर प्रस्तुत करने का प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया समाज को जागरूक करने के साथ जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं और उपलब्धियों को सामने लाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण और वर्तमान उत्तराखंड की विकास यात्रा तक प्रदेश के पत्रकारों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण, स्थानीय प्रतिभाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है। मीडिया सरकार और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में सहायक हो सकती है।
इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और स्मारिका के प्रकाशन से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी निरंतर कार्य करता रहेगा।
ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, सचिव योगेश सेमवाल, पूर्व अध्यक्ष एवं गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी, स्मारिका समिति अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र डंगवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह बिष्ट, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, मीना नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, ऑडिटर विजय जोशी, मनमोहन लखेड़ा, ओम प्रकाश जोशी, हरीश थपलियाल और मनवर सिंह रावत समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


