महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने 25 सितंबर से सात अक्तूबर तक आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। विकास भवन सभागार में हुई बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि जिले के 692 आंगनबाड़ी केंद्रों में ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और परिवारों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभ दिलाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचने वाले लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी कार्यक्रम में प्रमुखता से शामिल करने को कहा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां होंगी सम्मानित
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा समेत विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

