जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के सभी मानकों और प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा, रखरखाव व निगरानी में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रवेश-निकास व्यवस्था और अभिलेख भी देखे
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में रखी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था के साथ ही संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया। अधिकारियों को वेयरहाउस की नियमित निगरानी और निरीक्षण की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निरंतर जारी रखने को कहा।
पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का सुरक्षित रखरखाव तथा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और सजगता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के तहत वेयरहाउस की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। साथ ही निरीक्षण प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की गई।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईवीएम नोडल दिनक रौतेला, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित आम आदमी पार्टी के कमल राणा, भाजपा के दौलतराम मकवाना आदि मौजूद रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


