*लंदन के साउथहॉल में आयोजित ‘हरियाणा इन यूके’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत*
*अप्रैल 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्योगपतियों को किया आमंत्रित*
*AI, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत विनिर्माण में सहयोग की अपार संभावनाएं*
चंडीगढ़, । अंतरराष्ट्रीय निवेश साझेदारियों को नई गति देते हुए हरियाणा ने यूनाइटेड किंगडम (UK) से अपने वैश्विक आउटरीच कार्यक्रम का आगाज किया है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में यूके दौरे पर गए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को बड़े निवेशकों और प्रवासी भारतीय उद्यमियों (NRI) के साथ अहम बैठकें कीं। प्रतिनिधिमंडल ने निवेशकों को हरियाणा के अनुकूल औद्योगिक माहौल से रूबरू कराते हुए उन्हें हरियाणा की औद्योगिक विकास यात्रा का सहभागी बनने का आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सांसद, फेल्थम एंड हेस्टन सुश्री सीमा मल्होत्रा, हरियाणा के विधायक श्री देवेंद्र अत्री, विधायक श्री कंवर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित कुमार अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ आदित्य दहिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री विवेक कालिया शामिल हैं।
साउथहॉल में आयोजित ‘हरियाणा इन यूके’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने भारतीय समुदाय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोगों के परिश्रम, दूरदृष्टि और उद्यमशीलता ने साउथहॉल को ‘लिटिल इंडिया’ और ‘लिटिल पंजाब’ की विशिष्ट पहचान दिलाई है। भारतीय मूल के लोगों ने ब्रिटेन की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और भारतीय विरासत को भी संजोकर रखा है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय भारत और ब्रिटेन के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के संबंध ऐतिहासिक रहे हैं, लेकिन आज दोनों देश समानता, पारस्परिक सम्मान और साझा हितों के आधार पर भविष्य की नई साझेदारी का निर्माण कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जुलाई 2025 की ब्रिटेन यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को नई गति प्रदान की। इस दौरान ऐतिहासिक आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) पर हस्ताक्षर किए गए और ‘भारत-यूके विजन 2035’ को अपनाया गया, जो 15 जुलाई, 2026 से लागू हो चुका है। इससे दोनों देशों के कारोबारियों, निर्यातकों और निवेशकों के लिए नए अवसर सृजित होंगे। विशेष रूप से कपड़ा, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण, इंजीनियरिंग, रसायन, ऑटो कंपोनेंट और खिलौना उद्योग जैसे क्षेत्रों को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के यूरोपीय संघ के साथ भी व्यापार, प्रौद्योगिकी और वैश्विक सहयोग के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंधों से वैश्विक व्यापार, निवेश, स्वच्छ तकनीक और मजबूत आपूर्ति शृंखलाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। इसका लाभ हरियाणा जैसे तेजी से औद्योगिक विकास कर रहे राज्यों को भी मिलेगा।
*यूके-हरियाणा ट्रेड को मिल रही नई रफ्तार, हरियाणा के निर्यात में ब्रिटेन की 7,000 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 56 अरब डॉलर का है। भारत में 667 ब्रिटिश कंपनियां और ब्रिटेन में 971 भारतीय कंपनियां कार्यरत हैं। हरियाणा के औद्योगिक विकास में भी ब्रिटिश कंपनियों और संस्थानों की महत्वपूर्ण भागीदारी है। वित्त वर्ष 2023-24 में हरियाणा के कुल निर्यात में ब्रिटेन की हिस्सेदारी 4.72 प्रतिशत रही, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 7,000 करोड़ रुपये है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद स्थित JCB का विनिर्माण केंद्र हरियाणा और ब्रिटेन के औद्योगिक संबंधों का महत्वपूर्ण उदाहरण है। यह विश्व का सबसे बड़ा बैकहो लोडर कारखाना है। इसी प्रकार, गुरुग्राम स्थित आइशर मोटर्स की सहायक कंपनी रॉयल एनफील्ड की ब्रिटेन में उपस्थिति भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग की वैश्विक पहचान को दर्शाती है। HSBC, Radio Design और यूनिवर्सिटी ऑफ साउथैम्प्टन जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भी वित्तीय, तकनीकी, औद्योगिक और शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं को मजबूत करते हैं।
*गुरुग्राम की 1,000 एकड़ में विकसित हो रही ग्लोबल सिटी बनेगी भविष्य के औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास का प्रमुख केंद्र*
मुख्यमंत्री ने हरियाणा की आर्थिक एवं औद्योगिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 1 नवंबर, 1966 को कृषि प्रधान राज्य के रूप में अपनी यात्रा शुरू करने वाला हरियाणा आज कृषि, उद्योग, ऑटोमोबाइल, सेवा क्षेत्र, खेल और उद्यमिता के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। देश के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद हरियाणा देश की GDP में लगभग 3.7 प्रतिशत योगदान दे रहा है। प्रदेश की वार्षिक प्रति व्यक्ति आय लगभग 3 लाख 96 हजार रुपये है।
उन्होंने कहा कि देश की लगभग 67 प्रतिशत कारें, 60 प्रतिशत मोटरसाइकिल और 50 प्रतिशत ट्रैक्टर हरियाणा में निर्मित होते हैं। गुरुग्राम में 250 से अधिक फॉर्च्यून-500 कंपनियों के कार्यालय और लगभग 270 ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर कार्यरत हैं। प्रदेश में औद्योगिक आधार को और मजबूत करने के लिए 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप विकसित की जा रही हैं। खरखौदा में मारुति सुजुकी का देश का सबसे बड़ा और आधुनिक विनिर्माण संयंत्र शुरू हो चुका है। वहीं, गुरुग्राम में लगभग 1,000 एकड़ क्षेत्र में ‘वॉक-टू-वर्क’ अवधारणा पर विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी भविष्य के औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में ‘मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026’ सहित 10 क्षेत्रीय नीतियां लागू की हैं। इन नीतियों के माध्यम से आगामी पांच वर्षों में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने और 10 लाख नए रोजगार अवसर सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘नई MSME एवं निर्यात नीति-2026’ बनाई गई है। इसके तहत 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करने, 5 लाख से अधिक रोजगार अवसर सृजित करने और प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने हाल के अंतरराष्ट्रीय निवेश दौरों का उल्लेख करते हुए कहा कि अक्टूबर माह में स्वीडन और सिंगापुर की यात्राओं के दौरान विभिन्न कंपनियों के साथ क्रमशः लगभग 4,000 करोड़ रुपये और 5,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी। इससे पहले जापान यात्रा के दौरान भी उद्योगपतियों ने हरियाणा में लगभग 5,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति जताई थी।
*AI, स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और उन्नत विनिर्माण में ब्रिटिश कंपनियों के साथ साझेदारी की अपार संभावनाएं*
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिटेन के पास नवाचार, उन्नत विनिर्माण, वित्तीय सेवाओं, शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है, जबकि हरियाणा के पास प्रतिभाशाली मानव संसाधन, मजबूत औद्योगिक क्षमता और तेजी से विस्तार करता बाजार है। ऐसे में दोनों के बीच सहयोग से परस्पर लाभ के नए आयाम स्थापित हो सकते हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, कृषि तकनीक, स्वास्थ्य सेवाएं, उन्नत विनिर्माण और डिजिटल सेवाओं जैसे उभरते क्षेत्रों में ब्रिटिश विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और कंपनियों के साथ साझेदारी की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि वे हरियाणा के युवाओं को अपने अनुभव और विशेषज्ञता से मार्गदर्शन दें तथा विद्यार्थियों, स्टार्टअप और उद्यमियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने में सहयोग करें।
*अप्रैल 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्योगपतियों को किया आमंत्रित*
मुख्यमंत्री ने सभी उद्योगपतियों और निवेशकों को अप्रैल 2027 में हरियाणा में प्रस्तावित ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए कहा कि यह समिट वैश्विक निवेशकों, उद्योग जगत और नवाचार से जुड़े संस्थानों को हरियाणा की निवेश क्षमता से परिचित कराने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और प्रवासी भारतीयों को 5 से 25 दिसंबर, 2026 तक कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में भी शामिल होने का निमंत्रण दिया।


