Tuesday, September 29

लगातार हो रही बारिश से पर्वतीय क्षेत्रों में बिगड़े हालात के बीच कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। राठ क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर चाकीसैंण तहसील के डुंगरी तल्ली गांव का रुख किया। क्षतिग्रस्त सड़क और संपर्क मार्ग के कारण कई जगह वह पैदल चले और बोल्डर पार कर गांव तक पहुंचे। रास्ते में जरूरत पड़ने पर उन्होंने एक वाहन से लिफ्ट भी ली।

डुंगरी तल्ली पहुंचकर मंत्री ने आपदा प्रभावित 23 परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने गांव में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त सड़क एवं संपर्क मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने मार्ग क्षतिग्रस्त होने के साथ ही अन्य समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। क्षतिग्रस्त रास्तों और संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, संपर्क मार्ग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया गया है।

क्षेत्र में लगातार बारिश और आपदा से नुकसान की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपना कार्यक्रम बदलकर प्रभावित गांव का दौरा किया। मंत्री ने ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने और आपदा के बाद आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील भी की। ये खबर कल छपने के लिए सही है?

Leave A Reply

Exit mobile version