दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल अग्निकांड मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे उत्तराखंड निवासी शेफ केशव नेगी ने बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। परिवार सहित पहुंचे नेगी ने मामले में प्रदेश सरकार की ओर से मिले सहयोग और संवेदनशीलता के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री धामी ने नेगी का हालचाल जाना और उन्हें आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जरूरत पड़ने पर नेगी को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों को समन्वय के साथ सहयोग के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय सरकार का दायित्व है कि वह अपने नागरिकों का मनोबल बढ़ाए और उन्हें न्यायोचित सहायता उपलब्ध कराए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए यथासंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पहले फोन पर जाना था हालचाल
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री धामी इससे पहले केशव नेगी से दूरभाष पर बातचीत कर उनका हालचाल जान चुके हैं। उन्होंने नेगी को भरोसा दिलाया था कि प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने मामले को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री से भी बातचीत की थी।
सरकार की ओर से मिले सहयोग के प्रति आभार जताने के लिए केशव नेगी बुधवार को परिवार सहित मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पूरे मामले में प्रदेश सरकार आवश्यक सहयोग जारी रखेगी।
