राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का जिला स्तरीय शुभारंभ, प्रचार रथ को दिखाई हरी झंडी
बेमेतरा, 10 अगस्त 2026: कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में आज जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का जिला स्तरीय शुभारंभ हुआ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर ने प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के सभी विकासखण्डों में भ्रमण कर ऑडियो संदेश के माध्यम से कृमि संक्रमण से बचाव और कृमिनाशक दवा के सेवन के प्रति जन-जागरूकता फैलाएगा।
सीएमएचओ डॉ. रोहलेडर ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन हर साल 6 माह के अंतराल पर दो बार किया जाता है। इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेन्डाजॉल दवा खिलाई जाती है।
शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, मदरसों में अध्ययनरत बच्चों के साथ-साथ शाला त्यागी बच्चों को भी दवा दी जाएगी।
इस वर्ष का लक्ष्य: 3 लाख 89 हजार बच्चे
खुराक का निर्धारण:
– 1 से 2 वर्ष: आधी गोली चूरा करके
– 2 से 3 वर्ष: एक पूरी गोली चूरा करके
– 3 से 19 वर्ष: एक पूरी गोली चबाकर
- जो बच्चे 10 अगस्त को किसी कारण से दवा सेवन से वंचित रह जाएंगे, उन्हें *मॉप-अप दिवस* पर दवा खिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से दवा खिलाएं और स्वच्छता की आदतें अपनाएं। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कृमि मुक्त रखकर उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास को सुनिश्चित करना है।
