Thursday, September 24

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में बैठक ली. इस दौरान सीईओ ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आयोग की ओर से निर्धारित गाइडलाइन-इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए.

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदान केंद्र के भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल एवं अन्य जरुरी सुविधाओं को सुनिश्चित कर लिया जाए. उन्होंने जनपदों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा निर्धारित तिथियों के अनुसार सभी डीईओ, आरओ एवं स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें.

सीईओ ने सभी जनपदों को स्वीप प्लान बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि आगामी माह में आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्तराखण्ड का भ्रमण किया जा सकता है, जिसमें सभी जिलाधिकारियों के साथ चुनाव तैयारियों के संबंध में विस्तारपूर्वक समीक्षा की जाएगी. सीईओ ने सभी जनपदों के SIR अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की. बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे.

Leave A Reply

Exit mobile version