Sunday, August 30

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज सुवाखोली में प्रस्तावित बिजली घर के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद यूपीसीएल, वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से प्रस्तावित बिजली घर की भूमि से संबंधित जानकारी ली और भूमि संबंधी विसंगतियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि से संबंधित सभी समस्याओं एवं विसंगतियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि प्रस्तावित बिजली घर के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने तथा निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने सुवाखोली में प्रस्तावित शौचालय के लिए चयनित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित वन विभाग के अधिकारियों को भूमि से संबंधित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मंत्री जोशी ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर सदस्य जिला पंचायत वीर सिंह चौहान, मोहन सिंह, डीएफओ मसूरी देवी प्रसाद बलोनी, निदेशक यूपीसीएल मदन राम आर्य सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Exit mobile version