Saturday, August 22

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। युवाओं को उद्यमिता से जोड़कर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत उद्यमशाला चौपाल-2026 का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश में 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है। वहीं, आठ हजार से अधिक महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को उद्यमिता और आजीविका के अवसरों से जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे अपने साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें। इसके लिए प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

13 गांव में खुलेगा राज्य स्तरीय विपणन केंद्र

उद्घाटन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने देहरादून के आईटी पार्क स्थित 13 गांव में प्रदेश के सभी जिलों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा की। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़े उत्पादकों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही स्थानीय उत्पादों को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

Leave A Reply

Exit mobile version